
भूतेश्वरनाथ मार्ग पर भीषण जाम, अधूरे नाला पुल में फंसा हाईवा
घंटों थमे वाहन, दर्शन को पहुंचे श्रद्धालु परेशान – सावन में बड़ी अव्यवस्था का खतरा
नेहरू साहू सत्य मेव जयते न्यूज गरियाबंद
गरियाबंद। विश्व प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ महादेव धाम जाने वाले मार्ग पर भूतेश्वर पारा गांव के निर्माणाधीन नाला पुल में आज एक हाईवा वाहन फंस जाने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं सहित आम लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।

रविवार होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भूतेश्वरनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे थे, लेकिन अधूरे पुल और अव्यवस्थित निर्माण कार्य ने उनकी आस्था की राह रोक दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है और बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग और प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
सबसे बड़ा सवाल अब सावन मास को लेकर खड़ा हो गया है। आने वाले दिनों में सावन के प्रत्येक सोमवार और पूरे महीने हजारों नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालु भूतेश्वरनाथ महादेव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यदि समय रहते पुल निर्माण पूरा नहीं हुआ और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था नहीं बनाई गई, तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं। भीषण जाम, दुर्घटनाओं का खतरा और आपातकालीन सेवाओं के बाधित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

श्रद्धालुओं का सवाल है—जब अभी यह स्थिति है, तो सावन में लाखों भक्तों की भीड़ के दौरान व्यवस्था कैसे संभाली जाएगी? लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पुल निर्माण कार्य पूरा कराने और सुचारु यातायात सुनिश्चित करने की मांग की है।
Was this article helpful?
YesNo
Live Cricket Info






