
प्राथमिक विद्यालय श्याम नगर हरदी में बड़े ही हर्षौल्लास के साथ मनाया गया राष्ट्रीय पर्व
नन्हे बालक बालिकाओं द्वारा बहुत ही मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति
गरियाबंद। नेहरू साहू सत्य मेव जयते न्यूज गरियाबंद
प्राथमिक शाला श्यामनगर हरदी में राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में गरिमामय रूप से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः सुबह 7 बजे विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी के साथ की गई। हाथों में तिरंगा लिए, देशभक्ति गीतों व नारों के साथ निकली प्रभात फेरी ने पूरे ग्राम को राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।
प्रभात फेरी के पश्चात विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिससे वातावरण अत्यंत भावपूर्ण एवं देशभक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर नन्हे बालक-बालिकाओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, कविता एवं लघु नाट्य के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

कार्यक्रम में शाला विकास समिति अध्यक्ष आनेन साहू, शिक्षाविद नेहरू साहू, सलाहकार गुलाब साहू, ढेलऊ साहू, डुमेश्वर साहू, मोतीराम धु्रव, गौरसिंह साहू, जीवन साहू सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए गणतंत्र दिवस के महत्व, संविधान के मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिका नंदनी यादव एवं प्रधानपाठिका भगवती साहू की विशेष भूमिका रही। उनके कुशल मार्गदर्शन एवं सहयोग से संपूर्ण आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, ग्रामवासियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पूरा कार्यक्रम अनुशासन, सौहार्द और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ संपन्न हुआ।
Live Cricket Info







