
गरियाबंद में तेंदुए का आतंक:ग्राम कोड़ोबत्तर में 10 वर्षीय मासूम पर जानलेवा हमला, गांव में दहशत
नेहरू साहू सत्य मेव जयते न्यूज गरियाबंद
जिले के ग्राम कोदोबात्तर चट्टानपारा में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक तेंदुए ने 10 वर्षीय मासूम बच्चे पर अचानक हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, धनेश कुमार कमार (10 वर्ष), पिता पुनूराम कमार, पड़ोस के घर में टीवी देखकर वापस अपने घर लौट रहा था। शाम करीब 7 बजे जैसे ही वह रास्ते से गुजर रहा था, तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया। तेंदुए ने बच्चे के गले को बुरी तरह दबोच लिया और उसे घसीटने की कोशिश करने लगा।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। शुरुआत में परिवार को लगा कि किसी कुत्ते ने हमला किया है, लेकिन नजदीक पहुंचने पर सभी के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने देखा कि एक तेंदुआ बच्चे को नहीं छोड़ रहा था। काफी शोर-शराबा और हिम्मत दिखाने के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह बच्चे को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया। और जिला अस्पताल गरियाबंद लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की स्थिति को देखते हुए रायपुर रिफर किया गया
हमले में धनेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसके गले और शरीर पर गहरे जख्म बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
लगातार वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही गांव के आसपास तेंदुए की आवाजाही देखी जा रही है, जिससे बच्चों और ग्रामीणों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।






