
गरियाबंद में बड़ा हादसा टला: विशाल नीलगिरी का पेड़ मकान पर गिरा, डायल 112 की त्वरित कार्रवाई से महिला की बची जान
"आपातकाल हो या संकट की घड़ी, डायल 112 हमेशा खड़ी!"
नेहरू साहू सत्य मेव जयते न्यूज गरियाबंद
गरियाबंद। गरियाबंद की फॉरेस्ट कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक विशाल नीलगिरी का पेड़ अचानक एक मकान पर भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय घर के भीतर मौजूद एक महिला पेड़ और मलबे के नीचे दब गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम ने असाधारण तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पुलिस जवानों ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से भारी पेड़ और मलबे को हटाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल महिला को बिना किसी देरी के डायल 112 वाहन से जिला अस्पताल गरियाबंद पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

इस साहसिक और मानवीय रेस्क्यू अभियान में आरक्षक धनेंद्र कुमार बंजारे एवं वाहन चालक अनुराग साहू की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। उनकी त्वरित सूझबूझ, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और समय रहते महिला की जान बचाई जा सकी।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि गरियाबंद पुलिस और डायल 112 सेवा आमजन की सुरक्षा के लिए हर परिस्थिति में तत्पर और प्रतिबद्ध है। आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया, संवेदनशील कार्यशैली और प्रभावी समन्वय ने पुलिस व्यवस्था पर लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत किया है।
गरियाबंद पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई प्रशासन की सक्रियता, जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसकी क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।
Was this article helpful?
YesNo





